Homeअमेठीअयोध्याधाम के मार्ग पर जाम व रोक से दर्शनार्थी रहे परेशान

अयोध्याधाम के मार्ग पर जाम व रोक से दर्शनार्थी रहे परेशान

9 / 100 SEO Score

जगदीशपुर, अमेठी – तीर्थराज प्रयाग से महाकुंभ में अमृत स्नान करने के बाद अयोध्या धाम स्थित रामलला के दर्शन में श्रद्धालुओं को जाम व मार्ग परिवर्तन की परेशानी से जूझना पड़ रहा है। प्रयागराज से अयोध्याधाम जा रहे श्रद्धालु बस, कार व अन्य वाहनों से निकले हैं। अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर शुक्रवार को कुछ हद तक यातायात में सुधार दिखा। जाम कुछ समय के लिए ही लगा, लेकिन अन्य मार्गों से जगदीशपुर व बाजारशुकुल क्षेत्र में वाहनों से पहुंचे लोगों को जाम व मार्ग परिवर्तन की वजह से ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी। लोग वाहनों सहित ढाबों पर खड़े रहे। बस से सफर करने वाले यात्री दिनभर भटकते रहे। जिले से अयोध्या को जोड़ने वाले कई मार्गों से शुक्रवार को भी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन किया गया। इससे कई जगहों पर जाम की स्थिति बनी और श्रद्धालुओं को परेशानी झेलनी पड़ी। रायबरेली-अयोध्या हाईवे जगदीशपुर थौरी चौराहे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किमी 58 टोल प्लाजा पर अयोध्या धाम को जाने वाले श्रद्धालुओं को बाजारशुकुल-हैदरगढ़ मार्ग से गुजारा गया। वहीं, गाेमती नदी स्थित उररेमऊ व सत्थिन पुल से वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित करते हुए परिवर्तित मार्ग से गुजारा गया। इन हालातों में दर्शनार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र के थौरी स्थित आमघाट पर मार्ग परिवर्तित करने से भीषण जाम लग गया। इससे श्रद्धालुओं को कई घंटों तक इंतजार करना पड़ा। बृहस्पतिवार रात से फंसे वाहनों को शुक्रवार की सुबह तक समूहों में थोड़ी-थोड़ी देर के बाद निकाला गया। कमोबेश यही स्थिति जगदीशपुर कस्बे की भी रही, यहां पर श्रद्धालुओं का जमावड़ा बस अड्डे पर लगा रहा। राजस्थान के बासवाडा निवासी संजय शर्मा ने बताया कि निजी वाहन से महाकुंभ से अमृत स्नान करने के बाद 29 जनवरी को निकले थे। बृहस्पतिवार को दोपहर से भटक रहे हैं। अयोध्याधाम जाने की सभी सीमा सील है। अब तक 50 किमी का चक्कर काट चुके हैं, कही से भी प्रवेश नहीं मिला। किसी तरह जगदीशपुर पहुंचे तो अब यहां से भी आगे नहीं जाने दिया जा रहा है। सभी जगह एक-दूसरे के बाॅर्डर पर भेजा जा रहा है। बस स्टाॅप पर खड़े हैं यह भी नहीं पता कि रास्ता कब खुलेगा, कोई भी सही जानकारी नहीं दे रहा है। सुल्तानपुर-लखनऊ को जाने वाली उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों की कमी शुक्रवार को देखने को मिली। बसों के न आने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बड़ी संख्या में लोग बस स्टॉप पर बसों का इंतजार करते नजर आए। महाराष्ट्र राज्य के चंदीपुुर निवासी तपन निरंजन शील ने बताया कि महाकुंभ स्नान के बाद काशी विश्वनाथ के दर्शन किए। वाहन बुक कर जगदीशपुर आए, अयोध्या जाना था लेकिन रास्ता बंद होने से वाहन को छोड़ दिया। अब वापस लखनऊ जाने के लिए बस के इंतजार में जगदीशपुर में भटक रहे हैं। अयोध्या जिले के कुमारगंज निवासी मीरा सिंह ने बताया कि घर से जगदीशपुर तक ऑटो से पहुंची। अमेठी जाना है, सुबह 10 बजे से इंतजार कर रही हूं, अभी तक बस नहीं आई है। परिवहन निगम के वरिष्ठ लिपिक महेश प्रकाश श्रीवास्तव की ड्यूटी जगदीशपुर बस अड्डे पर महाकुंभ तक अलग-अलग तिथियों पर लगी है। बताया कि सुबह चार बजे से दोपहर 12 बजे तक लखनऊ से एक भी बस नहीं आई। सुबह 10 बजे अमेठी डिपो की एक अनुबंधित बस अमेठी से लखनऊ के लिए गई है। सुल्तानपुर डिपो की बस सुल्तानपुर से सुबह 11.40 बजे लखनऊ जाने के लिए पहली बस जगदीशपुर पहुंची। जगदीशपुर बस स्टॉप पर लखनऊ जाने के लिए खड़ीं झामदास कुटी थाना जामों निवासी यात्री माधुरी त्रिपाठी ने बताया कि सुबह 11 बजे से लखनऊ जाने के लिए बैठी हैं। साथ में बेटा सुमित भी है, 12 बज गए हैं, अभी तक बस नहीं मिली है। कमोवेश यही हाल अन्य यात्रियों का भी रहा। आम घाट पुल पर मार्ग बंद होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आसपास के ढाबों पर यात्री वाहन खड़ा कर परिवार सहित इंतजार करते रहे। एसओ तनुज पाल ने बताया कि अग्रिम आदेशों तक मार्ग पर बैरियर लगाकर वाहनों का प्रवेश बंद किया गया है। आसपास से गुजरे मार्गों से वाहनों को अयोध्या जाने की व्यवस्था की गई है।

9 / 100 SEO Score
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular