Homeअमेठीअयोध्या हाईवे पर लगा भीषण जाम

अयोध्या हाईवे पर लगा भीषण जाम

7 / 100 SEO Score

भादर, अमेठी – जिले से होकर अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं को जाम से जूझना पड़ रहा है। अयोध्या-प्रयागराज हाईवे, वाराणसी-अयोध्या हाईवे व रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जाम के चलते प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं के वाहन रेंगने को मजबूर हैं। वहीं सुरक्षा के लिए प्रमुख रास्तों पर पुलिस भी तैनात की गई है। उधर, देर शाम अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर स्थित दुर्गापुर, पीपरपुर रेलवे स्टेशन मोड़ से सुल्तानपुर सीमा तक प्रयागराज-अयोध्या की तरफ जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहन बड़ी संख्या में पहुंचने से भीषण जाम लग गया। पीपरपुर थाना क्षेत्र के दुर्गापुर, रामगंज से गुजरे हाईवे पर प्रयागराज स्थित महाकुंभ व अयोध्या रामलला के दर्शन, स्नान करने जा रहे श्रद्धालुओं के वाहन कभी रेंगकर तो कभी सामान्य गति से आ-जा रहे हैं। सोमवार की शाम 6:30 बजे बड़ी संख्या में प्रयागराज व अयोध्या की तरफ जाने वाले वाहनों का काफिला एक साथ दुर्गापुर चौराहे पर पहुंच गया, जिससे करीब रात 7:30 बजे वाहनों के पहिए थम गए। एक घंटे जाम की स्थिति बन गई। स्थानीय पुलिस व पीआरडी की मशक्कत के बाद जाम खुला। 7:30 बजे के बाद देर रात्रि लगभग 12 बजे तक रेंगकर वाहनों का आवागमन होता रहा। मंगलवार को भी सुबह से लेकर शाम तक वाहनों का भारी दबाव बना रहा। हालांकि जाम से निपटने के लिए पीआरडी जवान जूझते रहे। प्रयागराज में आयोजित महाकुुंभ में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों का तांता मंगलवार को जगदीशपुर कस्बे में नजर आया। वाहनों का दबाव बढ़ने से पुलिस कर्मी जूझते नजर आए। प्रयागराज संगम में स्नान-ध्यान के लिए निकले श्रद्धालु अयोध्या धाम स्थित प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए लालायित हैं। प्रयागराज से सुल्तानपुर होते हुए अयोध्या धाम को जाने वाले हाईवे पर वाहनों का दबाव कम नहीं हो रहा है। मंगलवार को जगदीशपुर कस्बे से गुजरने वाले रायबरेली-अयोध्या पर वाहनों का तांता लगा रहा। गनीमत यह रही कि बैरियरों पर वाहनों के रोके न जाने से सड़क पर भीड़ नहीं लगी। जिससे श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर सुल्तानपुर की तरफ से आने वाले श्रद्धालुओं को भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र के वारिसगंज अंडरपास से रानीगंज होते हुए वाहन सहित अयोध्या धाम जाने दिया गया। श्रद्धालुओं को रास्ते में कोई दिक्कत न होने पाए, जिसके लिए पुलिस मौजूद दिखाई दी। सीओ अतुल सिंह ने बताया कि दर्शनार्थियों की सुरक्षा के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। किसी को कोई दिक्कत न होने पाए, वाहन रोके बिना सामान्य गति से आने-जाने दिया जा रहा है।

7 / 100 SEO Score
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular