नई दिल्ली। पत्रकारिता जगत के लिए अत्यंत दुःखद समाचार है। पत्रकार प्रेस महासंघ (PPM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूज्यनीय श्री राम प्रताप मिश्र “साकेती” जी का लंबी बीमारी के उपरांत दिनांक 22 फरवरी 2026 को अपराह्न 3:30 बजे निधन हो गया। उनके निधन से न केवल संगठन बल्कि पूरे देश के पत्रकार समुदाय में शोक की लहर व्याप्त है।
स्व. साकेती जी वर्षों से पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान के लिए सक्रिय रूप से संघर्षरत रहे। उनके नेतृत्व में संगठन ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई और अनेक राज्यों में इकाइयों का विस्तार हुआ। वे सरल स्वभाव, अनुशासित कार्यशैली और संगठनात्मक क्षमता के लिए जाने जाते थे।
सात दिनों का शोक, सभी कार्यक्रम स्थगित—
संगठन की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस सूचना के अनुसार, इस दुखद घटना के उपरांत पूरे देश में संगठन के सभी कार्यक्रम, बैठकें, कार्यालयीय पत्राचार एवं अन्य गतिविधियाँ सात दिनों के लिए स्थगित कर दी गई हैं। संगठन में 7 दिवस का शोक अवकाश घोषित किया गया है।
प्रदेश एवं जिला इकाइयों को निर्देश
पत्रकार प्रेस महासंघ के राष्ट्रीय सचिव सरवेन्द्र चौहान ने सभी राज्य, मंडल, जिला, तहसील एवं नगर इकाइयों के पदाधिकारियों और सदस्यों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आगामी सात दिनों के भीतर शोक सभा आयोजित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करें तथा उनके विचारों और संगठन के प्रति योगदान को याद करें।

पत्रकार जगत में शोक की लहर—
देशभर के पत्रकारों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं ने स्व. राम प्रताप मिश्र “साकेती” जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अनेक वरिष्ठ पत्रकारों ने उन्हें पत्रकार हितों का सशक्त प्रहरी बताते हुए कहा कि उनका जाना संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है।
स्व. साकेती जी के निधन से पत्रकार प्रेस महासंघ ने एक समर्पित मार्गदर्शक और मजबूत नेतृत्व खो दिया है। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा—यही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और शोक संतप्त परिवार व संगठन को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दे।




