नववर्ष के पहले दिन शहर की ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त रही। बुधवार को दिनभर लोग जाम से जूझते रहे और पुलिसकर्मी गायब दिखे। यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी होमगार्ड व पीआरडी जवानों पर रही। कुड़वार नाका, पंचरास्ता, बस स्टेशन, गोलाघाट समेत अन्य चौराहों पर लोग जाम से परेशान होकर इधर-उधर रास्ता खोजते मिले नए वर्ष के पहले दिन सुबह से मंदिरों में पूजा पाठ के लिए निकले। दोपहर होते ही लोग पिकनिक मनाने के लिए पार्कों की ओर निकले। ऐसे में एकाएक सड़क पर यातायात बढ़ता गया बुधवार दोपहर 12:30 बजे मेडिकल कॉलेज तिराहे से लेकर कुड़वार नाका, रेलवे स्टेशन मोड़ तक लंबा जाम लग गया। रेलवे स्टेशन रोड से बड़ी संख्या में लोग वाहन लेकर जाम में फंसे रहे। कुड़वार नाका रोड व फ्लाईओवर से भी बड़ी संख्या में वाहन आ गए। तीनों रास्तों पर जाम लगा रहा। शहर में ई-रिक्शा चालक भी जाम लगने का प्रमुख कारण बन रहे हैं। ई-रिक्शा चालक बेतरतीब ढंग से वाहन सड़क पर खड़े कर देते हैं।




