भदैंया सुल्तानपुर – कोतवाली देहात के गौरा गांव से महाकुंभ स्नान करने गईं दो महिलाएं शुक्रवार को संगम मेले में साथियों से बिछड़ गई थीं। साथियों ने इसकी सूचना खोया-पाया केंद्र पर दी थीं। पुलिस की मदद से दोनों महिलाएं रविवार को सकुशल घर पहुंच गईं। गांव निवासी व प्रधान धर्मराज वर्मा की भाभी मनराजी देवी (52) और पड़ोस की कलावती (62) साथियों के साथ बस से महाकुंभ स्नान के लिए गई थीं। दोनों महिलाएं मेले में साथियों से बिछड़ गई थीं। साथ गए लोग इसकी जानकारी खोया-पाया केंद्र पर देने के बाद शनिवार शाम घर लौट आए थे। दोनों महिलाओं के वापस नहीं लौटने से परिजन परेशान रहे। रविवार दोपहर दोनों महिलाएं सकुशल घर लौट आईं। कलावती और मनराजी ने बताया कि दोनों एक साथ लोगों से अलग हो गई थीं। पुलिस ने दोनों को खोया-पाया शिविर पहुंचाया था। रविवार को पुलिस ने जिले के कुछ लोगों के साथ दोनों महिलाओं को सुल्तानपुर भेजा। घर पहुंचने पर दोनों महिलाएं परिजनों से लिपट कर रो पड़ीं।
महाकुंभ मेले में साथियों से बिछड़ीं दो महिलाएं पहुंचीं घर
RELATED ARTICLES




