ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने केशव प्रसाद मौर्य की तारीफ़ कर क्या शंकराचार्य विवाद में फँसे योगी आदित्यनाथ के लिए और मुश्किलें खड़ी कर दी हैं? उन्होंने कहा है कि केशव मौर्य बहुत समझदार हैं और उन्हें मुख्यमंत्री बनना चाहिए। यह बयान माघ मेला 2026 के विवाद के बीच आया है, जिसमें शंकराचार्य और मेला प्रशासन के बीच तनातनी चल रही है। कुछ रिपोर्टों में संकेत दिया गया है कि बीजेपी में ही योगी के ख़िलाफ़ एक गुट इस विवाद में मौक़ा तलाश रहा है। तो क्या केशव मौर्य की तारीफ़ भी उसी ओर इशारा करता है?
इस सवाल को तो कुछ लोग कयास कहकर खारिज कर सकते हैं, लेकिन यह सच है कि शंकराचार्य विवाद में योगी आदित्यनाथ के समर्थन में बीजेपी हाईकमान से समर्थन नहीं मिलता दिख रहा है। यह भी सच है कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने केशव प्रसाद मौर्य की तारीफ़ करते हुए कहा है कि उन्होंने एक सही और परिपक्व बयान दिया है और उन्होंने अफसरों की गलती को माना है।

क्या है पूरा विवाद?
माघ मेला में मौनी अमावस्या के दिन संगम स्नान को लेकर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और मेला प्रशासन के बीच विवाद शुरू हुआ। शंकराचार्य का आरोप था कि प्रशासन ने उन्हें पालकी के साथ स्नान करने से रोका और उनका अपमान किया। साधु-संतों की पिटाई करने और उनको शिखा पकड़कर घसीटने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए। इस मामले में वे पिछले कई दिनों से धरने पर बैठे हुए हैं। उनका स्वास्थ्य भी बिगड़ गया और वे वैनिटी वैन में लेटे रहे। शंकराचार्य ने बसंतपंचमी पर भी स्नान नहीं किया।

यह विवाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है, खासकर 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले। यह विवाद अब सिर्फ धार्मिक नहीं रहा, बल्कि राजनीतिक रंग भी ले चुका है। केशव मौर्य और योगी आदित्यनाथ के बीच अलग-अलग बयानों से सत्ताधारी दल भाजपा में मतभेद दिख रहे हैं। शंकराचार्य के बयान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। अब देखना यह है कि इस पर आगे क्या होता है और क्या केशव मौर्य को लेकर कोई बड़ा फैसला आता है या नहीं।