Home News VB-GRAM-G जुमला, गरीबों के हक़ पर हमला है: राहुल गांधी

VB-GRAM-G जुमला, गरीबों के हक़ पर हमला है: राहुल गांधी

VB-GRAM-G जुमला, गरीबों के हक़ पर हमला है: राहुल गांधी

कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की नई ग्रामीण रोजगार योजना ‘VB-GRAM-G’ को ‘जुमला’ बताया है। उन्होंने इसे गरीबों के अधिकारों पर हमला करार दिया। दिल्ली में ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के राष्ट्रीय सम्मेलन में राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। दोनों नेताओं ने कहा कि यह नया कानून महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम यानी मनरेगा को ख़त्म करके गरीब मजदूरों को बंधुआ मजदूर बनाने की साजिश है।

मनरेगा 2005 में यूपीए सरकार ने बनाया था, जो ग्रामीण परिवारों को साल में कम से कम 100 दिन का काम देने की कानूनी गारंटी देता था। यह काम पंचायतों के जरिए होता था, जहां ग्राम सभा फैसले लेती थी। मजदूरों को अपनी पसंद की जगह पर काम मिलता था, और इसमें काम के अधिकार कानून की व्यवस्था थी।

मोदी सरकार ने दिसंबर 2025 में संसद से ‘VB-GRAM-G’ बिल पास करवाया, जो मनरेगा की जगह लेगा। इसका पूरा नाम ‘विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ है। नई योजना में काम के दिन 125 तक बढ़ाए गए हैं, लेकिन कांग्रेस का आरोप है कि फिलहाल 40 दिन भी काम नहीं दिया जा रहा है तो काम के दिन बढ़ाना एक छलावा है। इसने कहा कि बीजेपी असल में इस गारंटी को कमजोर कर रही है। केंद्र तय करेगा कि कहां कितना पैसा जाएगा, कब काम होगा और मजदूरी कितनी मिलेगी। पंचायतों की ताकत कम हो जाएगी, और ठेकेदारों को ज्यादा फायदा होगा।

खड़गे बोले- ‘बंधुआ मजदूर बनाने की साजिश’

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “मोदी सरकार मनरेगा ख़त्म इसलिए कर रही है ताकि दबे-कुचले लोगों को बंधुआ मज़दूर बनाया जा सके। अमीरों के हाथ में सौंप दिया जाएगा, ताकि मज़दूर उनकी मर्जी पर काम करें। मनरेगा में 100 दिन काम की गारंटी थी, लेकिन मोदी सरकार 40 दिन भी नहीं दे पाती। अब 125 दिन की बात कर रही है, जबकि साल में 2 महीने भी काम नहीं मिलेगा।”

खड़गे ने कहा, ‘गांधी जी ग्राम स्वराज चाहते थे, लेकिन मोदी जी आरएसएस के फैसलों पर मुहर लगा रहे हैं। हम मनरेगा और काम के अधिकार की लड़ाई लड़ेंगे।’

राहुल गांधी ने सम्मेलन में कहा, ‘VB-GRAM-G जुमला है। यह गरीबों के हक पर हमला है। मनरेगा ने गरीबों को सम्मान के साथ काम मांगने का अधिकार दिया था। इसमें लोगों की आवाज थी, पंचायती राज था। मोदी जी इसे ख़त्म करने में लगे हैं। पहले किसानों पर तीन काले कृषि क़ानून लाए गए थे, लेकिन किसानों ने एकजुट होकर रोक दिया। अब मज़दूरों पर वही हमला हो रहा है।’ उन्होंने कहा, ‘बीजेपी डरपोक है। अगर हम सब एक साथ खड़े हो गए, तो मोदी जी को पीछे हटना पड़ेगा और मनरेगा बहाल हो जाएगा।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here