ऊंचाहार, रायबरेली – गोपालपुर उधवन गांव के पास गंग नहर की पटरी एक बार फिर कट गई। अप्रैल में यह तीसरी बार कटी है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठीक से पटरी की मरम्मत न होने का खमियाजा किसानों को भुगतना पड़ता है। नहर कटने से लगभग 50 बीघे गेहूं, उड़द व मूंग की फसल जलमग्न हो गई है। ग्रामीणों ने नहर कटने की सूचना विभाग को दी, लेकिन कोई नहीं आया। किसान रामआसरे, सुखलाल, सीताराम, ननकू, सचिन जायसवाल, उमेश, राजकुमार, वैभव, सुमेरा, राजाराम, छेदीलाल, राजेंद्र कुमार व विजय कुमार ने बताया कि सिंचाई विभाग की लापरवाही से बार-बार नहर कट रही है। बीती छह और 11 अप्रैल को भी पटरी कटी थी। जिससे 100 बीघे फसल खराब हो गई थी। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता रामविलास ने बताया कि कर्मचारियों को भेजकर पटरी ठीक कराई जा रही है।




