सहारनपुर: थाना कोतवाली देहात पुलिस ने देर रात पुलिस मुठभेड़ के बाद एक वांछित गौकशी आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से गौकशी के उपकरण, एक देशी तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा गोवंश तथा एक पिकअप वाहन बरामद किया गया है। वहीं उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार कांबिंग कर रही है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली देहात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मल्हीपुर रोड स्थित तालाब के सामने आम के बाग में कुछ लोग गौकशी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर वहां मौजूद तीनों संदिग्धों ने कथित रूप से पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नफीस उर्फ काला पुत्र अय्यूब, निवासी ग्राम सैय्यद माजरा, थाना गागलहेड़ी, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस के मुताबिक नफीस उर्फ काला थाना कोतवाली देहात में दर्ज गौवध निवारण अधिनियम के एक मुकदमे में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ सहारनपुर जनपद के विभिन्न थानों में गौकशी, पुलिस मुठभेड़, गुंडा एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित करीब 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।फिलहाल पुलिस ने बरामद हथियार, गौकशी के उपकरण, जिंदा गोवंश और पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।



