Samajwadi Party Ticket Row: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में समाजवादी पार्टी की अंदरूनी खींचतान एक बार फिर खुलकर सामने आ गई। रामगंगा विहार स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित पार्टी कार्यक्रम उस समय विवाद और नाराजगी का केंद्र बन गया, जब पूर्व कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ सपा नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी समर्थकों की टिकट मांग से नाराज होकर बीच कार्यक्रम से उठकर बाहर निकल गए। इस घटनाक्रम ने न सिर्फ स्थानीय नेताओं को असहज कर दिया बल्कि पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी और असंतोष की चर्चाओं को भी तेज कर दिया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखाई एकजुटता
दरअसल, रतनपुर कलां में प्रस्तावित पीडीए महापंचायत को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने पार्टी में किसी भी तरह के मनमुटाव से इनकार किया था। उन्होंने कहा था कि समाजवादी पार्टी में मतभेद हो सकते हैं लेकिन मनभेद नहीं हैं। सभी नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर 2027 विधानसभा चुनाव में पार्टी को भारी जीत दिलाने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने पीडीए को सपा की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज को जोड़कर पार्टी प्रदेश में बड़ा राजनीतिक बदलाव लाने की तैयारी कर रही है।
टिकट की मांग से बढ़ा तनाव
प्रेस वार्ता समाप्त होने के बाद बैंक्वेट हॉल में भोजन कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान सलीम अख्तर के समर्थकों ने नसीमुद्दीन सिद्दीकी के सामने मुरादाबाद विधानसभा सीट से सलीम अख्तर को 2027 चुनाव में टिकट दिलाने की मांग रख दी। बताया जा रहा है कि समर्थकों ने लगातार टिकट की पैरवी करने की अपील की, जिससे माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। वहां मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं को अंदाजा नहीं था कि यह मांग इतना बड़ा विवाद खड़ा कर देगी।
नाराज होकर बीच में छोड़ा कार्यक्रम
समर्थकों की बात सुनते ही नसीमुद्दीन सिद्दीकी का गुस्सा खुलकर सामने आ गया। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि “मैं टिकट दिलाने वाला कौन होता हूं, मुझे पार्टी में आए अभी कितना समय हुआ है।” इतना कहते ही उन्होंने खाना बीच में छोड़ दिया और तेजी से बाहर निकल गए। मौके पर मौजूद विधायक नवाब जान, सलीम अख्तर और अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें रोकने और मनाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने किसी की बात नहीं सुनी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सिद्दीकी काफी नाराज दिखाई दे रहे थे और हाथ झटकते हुए कार्यक्रम स्थल से बाहर निकल गए।
अंदरूनी कलह ने बढ़ाई सियासी चर्चाएं
मुरादाबाद में हुए इस घटनाक्रम के बाद समाजवादी पार्टी की अंदरूनी राजनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 2027 विधानसभा चुनाव से पहले टिकट को लेकर नेताओं और समर्थकों के बीच खींचतान बढ़ती जा रही है। जिस तरह सार्वजनिक कार्यक्रम में नाराजगी सामने आई, उससे विपक्ष को भी सपा पर हमला बोलने का मौका मिल सकता है। पार्टी भले ही एकजुटता का दावा कर रही हो, लेकिन जमीनी स्तर पर नेताओं के बीच खींचतान लगातार सामने आ रही है।




